सिटी ब्यूरो रिपोर्ट
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुआई वाली एनडीए बिहार चुनावों में जीत की ओर बढ़ रही है। वहीं भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर रही है। राजद सुप्रीमो लालू यादव रांची के रिम्स में लॉन में बैठकर धूप सेंक रहे हैं। जबकि उनके करीबी भोला यादव चुनाव नतीजों में पीछे चल रहे हैं। लालू के छोटे बेजे तेजस्वी यादव बिहार में राघोपुर सीट से आगे चल रहे हैं।
इधर बड़े बेटे तेज प्रताप यादव हसनपुर सीट से पीछे चल रहे हैं। बॉलीवुड एक्टर शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा बांकीपुर सीट से पीछे चल रहे हैं। दानापुर से राजद के रीतलाल यादव आगे चल रहे हैं। अबतक की शुरुआती रुझानों में 130 पर एनडीए और 99 पर महागठबंधन के उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। बाहुबली अनंत सिंह मोकामा सीट से आगे चल रहे हैं। पप्पू यादव मधेपुरा में और राजद के अब्दुल बारी सिद्दकी पीछे चल रहे हैं। नीतीश सरकार के मंत्री जय कुमार सिंह और संतोष कुमार निराला अपने प्रतिद्वंद्वियों से पीछे चल रहे हैं।
परसा से जदयू के उम्मीदवार तेज प्रताप यादव के ससुर और लालू प्रसाद के समधी चंद्रिका राय पीछे चल रहे हैं। जमुई से श्रेयसी सिंह आगे चल रही हैं। शुरुआती रुझानों में एनडीए और महागठबंधन में कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। कांटे की टक्कर में फंसे बिहार के लिए मंगलवार को बड़ा फैसला आ रहा है। चुनावी नतीजे के लिए मतगणना की प्रक्रिया पूरे रौ में है। लालटेन या तीर, बिहार में किसकी सरकार होगी। तेजस्वी करेंगे अगुआई या फिर नीतीश का होगा नेतृत्व। मतगणना जारी है। वोटों की गिनती के बाद प्रत्याशियों की जीत-हार तय होगी।